दिव्या युवा मंच के सहयोग से अब नेपाल में भी आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन

ऐलनाबाद, 13 अप्रैल ( एम पी भार्गव ): अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक संस्था दिव्या युवा मंच द्वारा पिछले सप्ताह में सफलतापूर्वक संपन्न किए गए पांचवें अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन की गूंज कई देशों तक पहुंच रही है। जिससे प्रभावित होकर पड़ोसी देश नेपाल की एक अग्रणी संस्था अब दिव्या युवा मंच के सहयोग से एक अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन आयोजित करवाने जा रही है। इस संबंध में आज नेपाल के कोहलपुर शहर के होटल में दोनों संस्थाओं के बीच समझौते पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह जानकारी देते हुए दिव्या युवा मंच के संस्थापक सुभाष चौहान ने बताया कि पड़ोसी देश नेपाल में लुमि्बनी प्रदेश के बांके जिला की कोहलपुर नगर स्तरीय युवा क्लब ने आगामी मई माह के दूसरे सप्ताह में यह अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन करवाने का निर्णय लिया है। इस सम्मेलन को सफलतापूर्वक आयोजित करवाने के लिए उनकी संस्था ने दिव्या युवा मंच का सहयोग मांगा। दोनों पक्षों के बीच आज एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू पर दिव्या युवा मंच की ओर से सुभाष चौहान व कोहलपुर नगर स्तरीय युवा क्लब की ओर से अध्यक्ष टिकाराम सुनार तथा संस्थापक व प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर रमेश वोर ने हस्ताक्षर किए। एमओयू के तहत दिव्या युवा मंच इस सम्मेलन को आयोजित करवाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोगी संस्था के रूप में कार्य करेगी जो सम्मेलन का पूरा मैनेजमेंट, शेड्यूल और उसका क्रियान्वयन देखेगी।

बाकी सभी जिम्मेदारियां आयोजक संस्था की रहेगी। चौहान ने बताया कि यह युवा सम्मेलन चार दिवसीय रहेगा और इसमें मेजबान देश नेपाल के साथ-साथ अन्य पड़ोसी देशों के करीब एक सौ युवा डेलिगेट्स को शामिल किया जाएगा। सम्मेलन में पहले आओ-पहले पाओ व योग्यता के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे। इस अवसर पर दिव्या युवा पक्ष के रामनिवास रसिया, आयोजक संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष यमुना घिमिरे, उपाध्यक्ष अनमोल दालामी, महासचिव भावना साही ठाकुरी, सचिव शिवराज खड़का, प्रवक्ता प्रदीप पौड़ेल व नवराज सिंह ठाकुरी तथा सभी पदाधिकारी व सदस्य भी मौजूद थे। आपको बता दें कि दिव्या युवा मंच अब तक पांच बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक का आयोजन कर चुका है जिनमें दुनिया के 20 से अधिक देशों और भारत के लगभग सभी राज्यों के प्रतिनिधि भाग ले चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.