मिर्जापुर: प्रधान की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत; आरोपी की तलाश तेज

मिर्जापुर जनपद के कटरा कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ग्राम देवरी निवासी प्रधान राजीव कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, राजीव कुमार सिंह सद्भावना नगर इलाके में किसी निजी कार्य से पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम देवरी निवासी बताए जा रहे हमलावर राजेंद्र सोनकर ने उन्हें नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही कटरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यह घटना एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.