लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा ने सखी वन स्टॉप सेंटर, लखीसराय का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति वंदना पाण्डेय ने अंगवस्त्र एवं नवपौधा देकर उनका स्वागत किया। वहीं महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने भी पौधा भेंट कर स्वागत किया।निरीक्षण के क्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर में दर्ज एवं निष्पादित मामलों की समीक्षा की गई। मामलों की प्रकृति में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, द्वितीय विवाह, यौन उत्पीड़न, मानव तस्करी सहित अन्य मामलों की स्थिति का अवलोकन किया गया। केंद्र में सुचारू रूप से कार्य संचालन को लेकर सदस्य ने संतोष व्यक्त किया।इसके साथ ही उन्होंने हब कार्यालय (महिला सशक्तिकरण केंद्र) का भी निरीक्षण किया, जहां आगंतुकों की उपस्थिति, ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत चल रहे जागरूकता अभियानों की सराहना की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की भी जानकारी ली और सभी कर्मियों के कार्यों की प्रशंसा की।इस दौरान उन्होंने ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने तथा जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की सलाह दी।मौके पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, हब कार्यालय के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, केस वर्कर निभा एवं सरिता, परामर्शी नूतन कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
