मुजफ्फरपुर की शानदार जीत, गयाजी को 2-0 से हराया,अंजली और शिवानी के गोल से टीम पहुंची अगले चक्र में

लखीसराय(सरफराज आलम)शहर के केआरके मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के तीसरे दिन गुरुवार की शाम खेले गए मुकाबले में मुजफ्फरपुर की टीम ने गयाजी को 2-0 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। 70 मिनट के इस मैच में मुजफ्फरपुर की टीम का दबदबा शुरू से अंत तक कायम रहा।

पहले हाफ में ही मुजफ्फरपुर ने आक्रामक रुख अपनाया। 16वें मिनट में जर्सी नंबर 06 की खिलाड़ी अंजली कुमारी ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 23वें मिनट में जर्सी नंबर 08 की शिवानी कुमारी ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया।

मध्यांतर के बाद भी मुजफ्फरपुर की टीम ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और गयाजी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अंततः मुजफ्फरपुर ने यह मुकाबला आसानी से अपने नाम करते हुए अगले दौर में जगह बना ली।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अंजली कुमारी को ‘वूमेन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच के मुख्य रेफरी रौशन गुप्ता, सहायक रेफरी हरेंद्र कुमार एवं हर्षित, जबकि चौथे रेफरी के रूप में उपेंद्र कुमार ने अपनी भूमिका निभाई।
कॉमेंट्री पूर्णेंदु शेखर और सुशांत कुमार ने की।
इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, सचिव बबलू शर्मा, महिला फुटबॉल एसोसिएशन की सचिव सविता शर्मा सहित अन्य खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.