भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को राहत, महिला आयोग में अंजली राघव ने वापस लिए आरोप

  • रिपोर्ट: विनोद मित्तल

फरीदाबाद में गुरुवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग में भोजपुरी सिंगर पवन सिंह के खिलाफ लगाए गए छेड़खानी के आरोपों को लेकर सुनवाई हुई। इस दौरान शिकायतकर्ता अंजली राघव आयोग के सामने पेश हुईं और अपना पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान अंजली राघव ने आयोग के सामने कहा कि उन्होंने पहले जो आरोप लगाए थे, अब वे उन्हें आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं। उन्होंने बताया कि पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर स्टोरी डालकर उनसे माफी मांग ली थी। इसके बाद उन्होंने पवन सिंह को माफ कर दिया है और अब उन्हें इस मामले में कोई शिकायत नहीं है।

अंजली राघव ने आयोग को यह भी बताया कि लखनऊ में स्टेज पर हुई घटना के बाद कुछ लोगों ने उस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनकी फोटो और मोबाइल नंबर को पोर्न साइट्स पर भी डाल दिया, जिससे उन्हें काफी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। अंजली ने आयोग से मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले की सुनवाई रेनू भाटिया की अध्यक्षता में हुई। अंजली राघव का पक्ष सुनने के बाद आयोग ने इस केस से पवन सिंह का नाम हटाने के निर्देश दिए। साथ ही आयोग ने कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर अंजली राघव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे या वीडियो वायरल कर रहे थे, उनके नाम मामले में शामिल किए जाएं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। महिला आयोग ने इस मामले की अगली सुनवाई 6 अप्रैल को पंचकूला में तय की है। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि जिन-जिन लोगों के नाम इस मामले में दर्ज किए गए हैं, उन्हें अगली सुनवाई में आयोग के सामने पेश होना होगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.