गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने मधुबन बापूधाम स्थित बुनकर मार्ट (एक्सपो एवं कन्वेंशन सेंटर) के निर्माणाधीन परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर सचिव, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी टीम मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने परियोजना की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यस्थल पर श्रमिकों की कमी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से साइट पर उपस्थित रहकर कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि परियोजना समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूरी हो सके।
उल्लेखनीय है कि मधुबन बापूधाम स्थित यह बुनकर मार्ट सह एक्सपो एवं कन्वेंशन सेंटर लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बुनकरों, शिल्पकारों और हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों को एक सशक्त विपणन मंच उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने उत्पादों को सीधे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकें।
इस परियोजना को भारत मंडपम की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्सपो, प्रदर्शनी, व्यापारिक आयोजन और सम्मेलन आयोजित किए जा सकेंगे। परियोजना में आधुनिक एक्सपो हॉल, विभिन्न दुकानों व स्टॉल, करीब 560 क्षमता का ऑडिटोरियम, 80 क्षमता का कॉन्फ्रेंस हॉल, फूड कोर्ट, म्यूजियम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं।
परियोजना पूर्ण होने के बाद यह गाजियाबाद में व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने के साथ-साथ रोजगार सृजन और क्षेत्र को एक प्रमुख वाणिज्यिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
