मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर दूसरी बार मां बन गई हैं। 40 साल की उम्र में उन्होंने 29 मार्च 2026 को अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया। एक्ट्रेस ने यह खुशखबरी सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट के जरिए अपने फैंस के साथ साझा की।
सोनम कपूर ने अपने पोस्ट में लिखा कि उनके घर एक नन्हें बेटे का आगमन हुआ है और अब उनका परिवार और बड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा वायु अपने छोटे भाई के आने से बेहद खुश है। सोनम ने इस नए सदस्य को “अनमोल तोहफा” बताते हुए खुद को धन्य महसूस करने की बात कही।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि अब वे चार लोगों के परिवार के रूप में एक नए और खूबसूरत अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। इस खास मौके पर उन्होंने भगवान का आभार भी व्यक्त किया।
सोनम और उनके पति आनंद आहूजा को इस खुशखबरी पर फिल्म इंडस्ट्री और फैंस की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं। करीना कपूर, दीया मिर्जा और हुमा कुरैशी सहित कई सेलेब्रिटीज ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं उनकी बहन रिया कपूर और चाचा संजय कपूर ने भी खुशी जाहिर की।
गौरतलब है कि सोनम कपूर ने साल 2018 में आनंद आहूजा से शादी की थी। इससे पहले अगस्त 2022 में उन्होंने अपने पहले बेटे वायु को जन्म दिया था। अब दूसरे बेटे के जन्म के साथ उनके परिवार में खुशियों का माहौल है।
