घरेलू गैस की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई: खाद्य आपूर्ति विभाग

ऐलनाबाद, मार्च (एम.पी. भार्गव): जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस, सीएनजी और पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि आमजन को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि बीते दिन जिले में कुल 7501 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जो यह दर्शाता है कि सप्लाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। विभाग द्वारा गैस एजेंसियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और स्टॉक की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की कमी न हो।

हरवीर सिंह ने कहा कि सभी गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है। साथ ही एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं से तय कीमत से अधिक राशि न वसूली जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा कालाबाजारी और अवैध उपयोग पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और समस्या होने पर संबंधित विभाग को तुरंत सूचना दें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.