- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर
रामपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पांच बच्चों की मां अपने ही घर से प्रेमी के साथ फरार हो गई। हैरानी की बात यह रही कि महिला ने भागने से पहले अपने ही बच्चों को बेहोशी की दवा देकर सुला दिया और घर में ताला लगाकर चली गई।
मामला रामपुर जिले का है। बताया जा रहा है कि महिला का पति दिल्ली में रहकर दर्जी का काम करता है, जबकि महिला गांव में अपने बच्चों के साथ रहती थी। इसी दौरान उसका एक 22 वर्षीय युवक से संपर्क हुआ और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
आरोप है कि महिला ने पहले से ही फरार होने की पूरी योजना बना ली थी। रात के समय उसने अपने पांचों बच्चों को खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर खिला दी, जिससे वे गहरी नींद में सो गए। इसके बाद महिला घर में रखा नकदी और जेवरात समेटकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। जाते समय उसने घर के बाहर से ताला भी लगा दिया, जिससे बच्चे अंदर ही बंद रह गए।
काफी देर तक घर में कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। बच्चों की हालत डरी-सहमी बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
