मुरसेना में होटल के नाम को लेकर विवाद, पुलिस ने कराया नाम परिवर्तन

रामपुर के मिलक तहसील क्षेत्र के ग्राम मुरसेना में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक होटल के नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि होटल संचालक द्वारा मुस्लिम होने के बावजूद अपने प्रतिष्ठान को हिंदू नाम से संचालित किया जा रहा था, जिसकी जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं ने होटल के नाम को लेकर आपत्ति जताई और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अजीमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक एवं मुरसेना चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों से बातचीत की और माहौल को शांत कराया। इसके बाद होटल पर लगे विवादित नाम को हटवा दिया गया। पुलिस की तत्परता से मौके पर किसी प्रकार का बड़ा विवाद होने से टल गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.