भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

लखीसराय(सरफराज आलम)जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, परगणकों एवं पर्यवेक्षकों सहित अनुशासकीय सेवकों ने भाग लिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना कार्य की महत्ता एवं इसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी, जिससे कार्य की पारदर्शिता एवं सटीकता सुनिश्चित होगी। उन्होंने परगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों पर विशेष प्रकाश डाला।प्रशिक्षण सत्र में मकान सूचीकरण के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, फील्ड कार्य की पारिस्थितिकी, तथा डेटा संग्रहण की विधियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। पर्यवेक्षकों को उनके कर्तव्यों के साथ-साथ विधिक प्रावधानों एवं उनके अधिकारों से भी अवगत कराया गया, ताकि वे कार्य के दौरान आने वाली किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से समाधान कर सकें।

इस अवसर पर यह भी बताया गया कि मकान सूचीकरण के दौरान किसी भी परिवार की गणना करते समय यह विशेष ध्यान रखा जाए कि यदि किसी परिवार के एक से अधिक निवास स्थान हैं, तो उनकी गणना उसी स्थान पर की जाए जहां वे वर्ष के अधिकांश समय निवास करते हैं। इसके साथ ही भवनों की संख्या निर्धारण एवं नगरीय नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार ,उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार,मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार एवं विशिष्ट शिक्षक कुमार गौरव ने प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं राज्य स्तर के नोडल अधिकारी के रूप में राधेश्याम कुमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का आह्वान किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.