मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की हत्या से बवाल, गोतस्करों पर कुचलकर मारने का आरोप

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोरक्षक चंद्रशेखर की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है। ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर चंद्रशेखर को शनिवार, 21 मार्च की सुबह कथित रूप से गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर मार डाला।

बताया जाता है कि ब्रज क्षेत्र में सक्रिय चंद्रशेखर गौ रक्षा से जुड़ी गतिविधियों में अपनी भागीदारी के लिए जाने जाते थे। उनकी मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।

यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी के नवीपुर गांव के पास हुई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों और गोरक्षकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और पथराव भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

चंद्रशेखर की हत्या के विरोध में शनिवार सुबह छाता नेशनल हाईवे पर लोगों ने जाम लगा दिया, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

इलाके में किसी भी प्रकार की अशांति को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.