भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक, डीएम ने कहा— समस्याओं के निपटारे में बरती जाए संवेदनशीलता
लखीसराय(सरफराज आलम)जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के निवारण को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक जिलाधिकारी के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से बैठकें आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि लखीसराय में आयोजित यह तीसरी बैठक है, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान वार मेमोरियल, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, नियुक्ति एवं सेटलमेंट से जुड़े मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से भूतपूर्व सैनिकों द्वारा उठाए गए भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता दी गई। कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित अंचलाधिकारी एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।डीएम ने कहा कि भूतपूर्व सैनिक अनुशासित, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक होते हैं, जिनका अनुभव एवं नेतृत्व क्षमता जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाए।बैठक में उपाध्यक्ष डॉ. मेजर चंद्र मोहन प्रसाद, सदस्य सचिव कर्नल मनोज कुमार, भूतपूर्व नायक पंकज कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं भूतपूर्व सैनिकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
