लखीसराय में रसोई गैस कालाबाजारी पर करारा प्रहार: 32 जगहों पर धावा, कंट्रोल रूम सक्रिय

गैस संकट की अफवाहों पर सख्ती: रोज 3 बजे DPRO देंगे स्थिति की जानकारी

लखीसराय(सरफराज आलम) रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में डीएम एवं एसडीपीओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में गैस आपूर्ति की स्थिति एवं वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।वहीं, लखीसराय जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

इसके तहत धावा दल का गठन कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।इस अभियान में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा संबंधित थानाध्यक्ष सक्रिय रूप से शामिल हैं। धावा दल अब तक 32 स्थानों पर छापेमारी एवं निरीक्षण कर चुका है। हालांकि, किसी भी स्थान पर कालाबाजारी करते हुए कोई भी व्यक्ति पकड़ा नहीं गया।जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बताया कि आम लोगों की शिकायतों के निवारण हेतु कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। लोग अपनी समस्या या शिकायत 06346-232952 पर दर्ज करा सकते हैं।

वहीं, मुख्य सचिव ने मीडिया के माध्यम से आम जनता तक सही जानकारी पहुंचाने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए निर्देश दिया है कि सभी जिलों के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रतिदिन दोपहर 3 बजे प्रेस वार्ता करेंगे। इसका उद्देश्य है कि आमजन अपने जिले की वास्तविक स्थिति और उठाए जा रहे कदमों से पूरी तरह अवगत रहें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.