अहमदाबाद, मार्च 2026। IndiGo और Adani Airport Holdings Limited (एएएचएल) ने एक अहम रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत अब इंडिगो ब्लूचिप्स प्रोग्राम के सदस्य एएएचएल द्वारा संचालित एयरपोर्ट्स पर ड्यूटी-फ्री खरीदारी करने पर भी रिवॉर्ड कमा सकेंगे।
नई व्यवस्था के अनुसार, यात्री अदाणी प्लेटफॉर्म के जरिए पहले से बुक किए गए ड्यूटी-फ्री प्रोडक्ट्स पर हर 100 रुपये खर्च करने पर 5 इंडिगो ब्लूचिप्स अर्जित कर सकेंगे। यात्री यात्रा से पहले ऑनलाइन प्रोडक्ट्स देख सकते हैं, उन्हें रिजर्व और भुगतान कर सकते हैं, और फिर एयरपोर्ट पर आसानी से अपनी खरीदारी प्राप्त कर सकते हैं।
इंडिगो के चीफ डिजिटल और इंफॉर्मेशन ऑफिसर नीतन चोपड़ा ने कहा कि यह साझेदारी लॉयल्टी प्रोग्राम को और मजबूत बनाएगी और यात्रियों को उड़ानों से आगे बढ़कर अतिरिक्त लाभ देगी। उन्होंने कहा कि इंडिगो के व्यापक नेटवर्क और अदाणी के प्रीमियम ड्यूटी-फ्री अनुभव का मेल यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और फायदेमंद साबित होगा।
वहीं एएएचएल के नॉन-एरो बिजनेस के सीईओ सुचित बंसल ने कहा कि इस पहल से एयरपोर्ट पर खरीदारी का तरीका बदल जाएगा। डिजिटल सर्च, प्री-ऑर्डर और आसान कलेक्शन जैसी सुविधाओं के जरिए यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
यात्री एक विशेष पोर्टल पर लॉग-इन कर अपनी इंडिगो ब्लूचिप सदस्यता आईडी लिंक कर सकते हैं और खरीदारी पूरी होने के 24-48 घंटे के भीतर अपने रिवॉर्ड प्राप्त कर सकते हैं।
फिलहाल यह सुविधा मुंबई, अहमदाबाद, तिरुवनंतपुरम, जयपुर, मंगलुरु और लखनऊ एयरपोर्ट्स पर उपलब्ध है। आने वाले समय में इसे Lokpriya Gopinath Bordoloi International Airport और Navi Mumbai International Airport पर भी शुरू करने की योजना है।
गौरतलब है कि इंडिगो रोजाना 2,000 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है और 140 से ज्यादा गंतव्यों को जोड़ती है। वहीं एएएचएल देशभर में कई प्रमुख एयरपोर्ट्स का संचालन करता है और भारत का सबसे बड़ा निजी एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म बन चुका है।
यह साझेदारी डिजिटल ट्रैवल सिस्टम को मजबूत बनाने और यात्रियों को बुकिंग से लेकर एयरपोर्ट सेवाओं तक एक बेहतर और सहज अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
