कांग्रेस ने अपने विधायक बेचे, बीजेपी ने खरीदे: आदित्य देवीलाल का राज्यसभा चुनाव पर हमला

ऐलनाबाद,   मार्च (एम पी भार्गव)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक आदित्य देवीलाल ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने विधायकों को बेचा और बीजेपी ने उन्हें खरीदा, जिससे लोकतंत्र की मर्यादाएं तार-तार हुई हैं।

आदित्य देवीलाल ने कहा कि इस बार राज्यसभा चुनाव को लेकर हरियाणा के शहरों और गांवों में व्यापक चर्चा रही और जागरूक मतदाता हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे। उन्होंने बताया कि इनेलो ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए चुनाव से दूरी बनाई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले हुए राज्यसभा चुनावों में भी कांग्रेस और बीजेपी ने हॉर्स ट्रेडिंग की थी। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए चुनाव के बाद दोनों पार्टियों का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। उन्होंने स्याही कांड और कार्तिक शर्मा की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं में भी खरीद-फरोख्त हुई थी।

देवीलाल ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रभारी बीके हरिप्रसाद पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मतदान के दौरान वे हर विधायक के वोट पर नजर रख रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग की जानकारी थी, तो उसे तुरंत सार्वजनिक करना चाहिए था। हुड्डा की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कांग्रेस पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक दलित उम्मीदवार को हराने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। साथ ही बीजेपी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी हॉर्स ट्रेडिंग में विश्वास करती है और करोड़ों रुपये में विधायकों की खरीद-फरोख्त की गई है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा इनेलो को कांग्रेस की ‘बी टीम’ बताए जाने पर देवीलाल ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी बयानबाजी पर नियंत्रण रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने कांग्रेस के लिए जो गड्ढा खोदा था, उसी में खुद गिर गई और उसका एक वोट भी रद्द हो गया।

निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि नामांकन के दिन ही नांदल ने खुद को बीजेपी का प्रदेश उपाध्यक्ष बताया था, ऐसे में उनके समर्थन का सवाल ही नहीं उठता।

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान देवीलाल ने मास्टर प्लान को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने पूछा कि प्रदेश के कितने शहरों को मास्टर प्लान के तहत अधिसूचित किया गया है और इसकी पूरी सूची सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के अभाव में भू-माफिया अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं और प्रशासन की मिलीभगत से यह कार्य धड़ल्ले से जारी है।

इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला ने राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग पर नियम-84 के तहत चर्चा कराने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने मांग की कि इस मुद्दे पर खुली चर्चा हो, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और इसके पीछे क्या कारण रहे, जिससे जनता को सच्चाई का पता चल सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.