रामपुर में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, कालाबाजारी पर सख्ती

रामपुर। जनपद में डीजल, पेट्रोल एवं एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शासन के निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन, पुलिस और आपूर्ति विभाग को सतर्क रहते हुए व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है, इसलिए उपभोक्ता घबराएं नहीं। एलपीजी वितरण में भारत सरकार द्वारा फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है तथा पारदर्शिता के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी प्रणाली लागू की गई है।

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों और वीडियो पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गैस सिलेंडर वितरण के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और परिवहन करने वाले वाहनों को सुरक्षा देने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा कालाबाजारी, अवैध बिक्री, अनधिकृत भंडारण या निर्धारित दर से अधिक वसूली पाई जाती है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और भारतीय न्याय संहिता के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को पुलिस व खाद्य विभाग के साथ नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के आदेश दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगे और उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक शुल्क न वसूला जाए। जनसेवा केंद्रों के माध्यम से हो रही गैस आपूर्ति पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.