सड़क सुरक्षा में बेहतर कार्य पर यातायात डीएसपी अजय कुमार सम्मानित, लखीसराय को राज्य में तीसरा स्थान

बिहार पुलिस मुख्यालय की परफॉर्मेंस रिपोर्ट में जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन, दुर्घटना नियंत्रण और जागरूकता अभियानों का मिला परिणाम

लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना द्वारा वर्ष 2025 में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर सभी जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। इस मूल्यांकन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी, दुर्घटना कांडों का वैज्ञानिक अनुसंधान, पीड़ितों को मुआवजा भुगतान में सहयोग, प्रशिक्षण, प्रभावी प्रवर्तन, डाटा प्रबंधन, संकेत चिह्नों की व्यवस्था तथा जन-जागरूकता अभियान जैसे विभिन्न मानकों को आधार बनाया गया।जारी परफॉर्मेंस रिपोर्ट में लखीसराय जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य के टॉप फाइव जिलों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिले में बेहतर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे निरंतर अभियानों का परिणाम मानी जा रही है।जिले में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित कराने, नियमित जांच अभियान चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही दुर्घटनाओं की जांच को वैज्ञानिक तरीके से करने और पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया को भी प्रभावी बनाया गया।यातायात व्यवस्था के प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए यातायात डीएसपी अजय कुमार की सराहना की गई है। उनके नेतृत्व में जिले में यातायात प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। इस उपलब्धि पर आईपीएस सुधांशु कुमार द्वारा यातायात डीएसपी अजय कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।यातायात डीएसपी अजय कुमार ने कहा कि बेहतर कार्य और टीम के समन्वय के कारण यह सम्मान मिला है। वहीं यातायात थानाध्यक्ष अमित कुमार ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि आगे भी उनके नेतृत्व में सड़क सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था को लेकर अभियान जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.