शॉटपुट में मोनिका और ट्रिपल जंप में श्याम प्रथम, 55वीं खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

ऐलनाबाद/सिरसा,मार्च (एम.पी. भार्गव)। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सिरसा में 55वीं दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया।

लड़कों की ट्रिपल जंप प्रतियोगिता में श्याम ने प्रथम, जशन नागपाल ने द्वितीय और चिराग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में रजत शर्मा प्रथम, जोबन द्वितीय और श्याम तृतीय रहे। वहीं 200 मीटर दौड़ में भी रजत शर्मा ने प्रथम, जोबन ने द्वितीय और श्याम ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाला फेंक प्रतियोगिता में अनिल कुमार प्रथम, गुरप्रीत सिंह द्वितीय और चंदन कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

लड़कियों की शॉटपुट प्रतियोगिता में मोनिका ने प्रथम, सरीना ने द्वितीय और रितु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में कशिश प्रथम, मोनिल कंबोज द्वितीय और मोनिका तृतीय रहीं। वहीं लड़कों की 1500 मीटर दौड़ में जोबन प्रथम, राघव शर्मा द्वितीय और उत्तम कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

लड़कों की 400 मीटर हीट फाइनल में रजत शर्मा ने प्रथम, उत्तम ने द्वितीय और राजन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 4×400 मीटर अंतर-शाखा रिले दौड़ में मैकेनिकल शाखा ने प्रथम, इलेक्ट्रिकल शाखा ने द्वितीय और कृषि इंजीनियरिंग शाखा ने तृतीय स्थान हासिल किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ संस्थान के स्टाफ सदस्यों ने भी रस्साकशी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान की छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति की शानदार झलक प्रस्तुत करते हुए आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। समारोह में राजकीय बहुतकनीकी संस्थान धागड़ (फतेहाबाद) के प्रधानाचार्य राजीव सरदाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

मुख्य अतिथि राजीव सरदाना ने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। खेल गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की एकाग्रता पढ़ाई में भी बेहतर होती है। उन्होंने संस्थान में पहुंचे पूर्व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

संस्थान के प्रधानाचार्य राजेंद्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भाग लेना भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सदस्य मन्नू लाल, बलविंदर कंबोज, सुभाष चंद्र, दविंदर कुमार, राजेंद्र झोरड़, मोहित बांगड़, अरविंद सिंह और विपुल पंत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.