मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक
विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लखीसराय(सरफराज आलम) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के मद्देनज़र जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान प्रदर्शित की जाने वाली विकास योजनाओं की तैयारियों का जायजा लिया और निर्देश दिया कि योजनाओं की अद्यतन स्थिति सुनिश्चित करते हुए लाभुकों को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाए।
समीक्षा के दौरान सात निश्चय–2 के अंतर्गत सशक्त महिला–सक्षम महिला, मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना, हर खेत तक सिंचाई का पानी, नलकूप योजना, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, सुलभ संपर्कता योजना तथा पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर-स्टेप डिलीवरी योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही स्वच्छ गांव–समृद्ध गांव अभियान और हर घर नल का जल योजना के अनुरक्षण कार्यों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा राज्य सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करें।बैठक में सात निश्चय–3 से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया एवं सूर्यगढ़ा के कार्यपालक पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
