कबाड़ बन चुके सरकारी वाहनों से संवरी रेहड़ी-पटरी वालों की तकदीर, 8 वैनशॉप के साथ मिला स्थायी ठिकाना
पीएम स्वनिधि योजनाः फोटो चुंगी के पास विकसित हुआ सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन, डीएम ने किया उद्घाटनजाम और अतिक्रमण से मिलेगी निजात, फास्ट फूड से लेकर खिलौनों तक का एक ही जगह मिलेगा सामान
यूपी के जनपद रामपुर शहर में अतिक्रमण और जाम का सबब बनने वाले रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को अब एक स्थायी और सम्मानजनक ठिकाना मिल गया है। नगर पालिका परिषद रामपुर ने एक अनूठी पहल करते हुए निष्प्रयोज्य (कबाड़) सरकारी वाहनों को मॉडिफाई कर शानदार वैनशॉप में तब्दील कर दिया है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत फोटो चुंगी के समीप विकसित किए गए इस नए सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन में 8 वैनशॉप का जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
अभियान के डर से मिली मुक्ति, मिला सम्मानजनक रोजगार
अक्सर सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से ठेले लगाने के कारण शहर में जाम की स्थिति पैदा हो जाती थी। इसके चलते नगर पालिका द्वारा चलाए जाने वाले अतिक्रमण हटाओ अभियानों में इन रेहड़ी-पटरी वालों को हटा दिया जाता था, जिससे उनके सामने हमेशा अपनी रोजी-रोटी छिनने का डर बना रहता था। इस बड़ी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने निष्प्रयोज्य शासकीय वाहनों को मोबाइल शॉप (वैनशॉप) में बदल दिया और रेहड़ी-पटरी संचालकों को चिन्हित कर उन्हें एक स्थायी वेंडिंग जोन में स्थापित कर दिया।
एक ही जगह मिलेंगी जरूरत की कई चीजें
इस नए वेंडिंग जोन में ग्राहकों के लिए कई सुविधाएं एक ही स्थान पर मौजूद हैं। इन 8 मोबाइल वैनशॉप्स पर कपड़े, खाने-पीने की स्वादिष्ट वस्तुएं, फास्ट फूड और बच्चों के खेलने के सामान (खिलौने) सहित कई अन्य वस्तुएं उपलब्ध होंगी। उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने खुद प्रत्येक वैनशॉप का निरीक्षण किया और वहां बेचे जा रहे सामानों के बारे में दुकानदारों से विस्तार से जानकारी ली। स्थायी रोजगार मिलने से उत्साहित दुकानदारों ने इस शानदार पहल के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
शहर में विकसित होंगे ऐसे और भी वेंडिंग जोनः डीएम
रामपुर जिलाधिकारी ने कहा कि शहर को जाम से मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भविष्य में ऐसे और भी वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। इससे रेहड़ी-पटरी संचालकों को दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा और उन्हें एक स्थायी स्थान मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को लगातार सशक्त बनाते हुए उन्हें सम्मानजनक स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रामपुर दुर्गेश्वर त्रिपाठी उपस्थित रहे।
