क्या अन्विता अदालत की तीनों शर्तें पूरी कर पाएगी और अपने भाई-बहनों की कस्टडी वापस जीत पाएगी? जानिए ‘इत्ती सी खुशी’ में

मुंबई, मार्च 2026: सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘इत्ती सी खुशी’ इन दिनों दर्शकों को भावनात्मक उतार-चढ़ाव से भरी कहानी के साथ बांधे हुए है। शो की कहानी अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कठिन परिस्थितियों में अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही है। अब कहानी उसके जीवन के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में प्रवेश कर रही है, जहां उसे अपने भाई-बहनों की कस्टडी के लिए कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ रही है।

आने वाले एपिसोड्स में कहानी और ज्यादा रोमांचक हो जाएगी, जब कोर्ट संजय (ऋषि सक्सेना) को दो हफ्तों के लिए बच्चों की अस्थायी कस्टडी दे देता है। कोर्ट का मानना है कि अन्विता की आर्थिक अस्थिरता और घर के नाजुक माहौल के कारण फिलहाल बच्चों के लिए संजय के साथ रहना अधिक सुरक्षित होगा, क्योंकि उसकी नौकरी और परिस्थितियां स्थिर हैं।

हालांकि कोर्ट अन्विता को तीन हफ्तों का समय देता है, ताकि वह यह साबित कर सके कि वह अपने भाई-बहनों को सुरक्षित और स्थिर जीवन दे सकती है। कस्टडी वापस पाने के लिए अन्विता को तीन अहम शर्तें पूरी करनी होंगी—

अपने भाई-बहनों के नाम पर एक तय राशि जमा कर आर्थिक स्थिरता दिखाना,

हेतल (नेहा एसके मेहता) की बाइपोलर स्थिति और सुहास (वरुण बडोला) की सेहत की चुनौतियों के बावजूद घर का माहौल शांत और स्थिर बनाए रखना,

बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना।

इस दौरान भाई-बहन चाहें तो अन्विता से मिल सकते हैं, लेकिन इन शर्तों को पूरा करने का दबाव उस पर भारी पड़ रहा है। तलाक के भावनात्मक दर्द से जूझ रही अन्विता को अब यह भी साबित करना है कि वह अपने परिवार को सुरक्षित रख सकती है।

शो में अन्विता का किरदार निभा रहीं सुम्बुल तौकीर खान ने कहा, “इन सीन को शूट करना मेरे लिए बेहद भावुक रहा। अन्विता के लिए उसके भाई-बहन ही उसकी पूरी दुनिया हैं। कई बार परफॉर्म करते हुए महसूस हुआ कि वह उन्हें खोने के डर से अंदर से कितनी डरी हुई है, भले ही बाहर से मजबूत दिखने की कोशिश करती है। यह सिर्फ कोर्ट केस की कहानी नहीं है, बल्कि परिवार को एक साथ रखने की जद्दोजहद है।”

दर्शक इस भावनात्मक सफर को हर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे, सिर्फ सोनी सब पर ‘इत्ती सी खुशी’ में देख सकते हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.