उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने ली बैठक

रामपुर (रिपोर्ट: शाहबाज़ खान): 14 और 15 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रामपुर के रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों और परीक्षा केंद्र प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, शुचिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सभी अधिकारी गंभीरता से अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा का संचालन व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य नामित अधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी सतर्कता, अनुशासन और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से रखना होगा और आवश्यकता पड़ने पर उसे प्रदर्शित करना होगा।

पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने कहा कि परीक्षा केंद्रों की पूर्व जांच, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जाए। किसी भी स्तर पर परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता से समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में व्यवधान डालने या किसी प्रकार की अनुचित गतिविधि करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.