- रिपोर्ट; हरिश्चंद्र कासगंज
कासगंज, मार्च: जनपद कासगंज के ग्राम मौजी नगला के होनहार युवा अभिषेक यादव ने सिविल सेवा परीक्षा में 532वीं रैंक प्राप्त कर पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता अब्दुल हफीज गांधी मौजी नगला पहुंचे और अभिषेक यादव का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
अब्दुल हफीज गांधी ने अभिषेक यादव के पिता बृज मोहन यादव और माता रेखा यादव को भी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके माता-पिता का त्याग, परिश्रम और संस्कार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अभिषेक यादव की यह उपलब्धि पूरे जनपद कासगंज के लिए गर्व का विषय है। देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि अभिषेक यादव एक उभरते हुए और मेहनती युवा हैं, जिन्होंने अपनी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अभिषेक यादव अपने प्रशासनिक जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे और पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ आम जनता की सेवा करेंगे।
अब्दुल हफीज गांधी ने यह भी कहा कि अभिषेक यादव जैसे प्रतिभाशाली और परिश्रमी युवा जनपद कासगंज के सभी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। क्षेत्र के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
इस अवसर पर रतनपुर फतियां ग्राम प्रधान अभय सिंह यादव, मास्टर इंद्रजीत सिंह, मास्टर रामेश्वर दयाल, राम किशोर, अनिल कुमार प्रधान, अजय दरोगा, गया सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने अभिषेक यादव को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी।
