अमृतसर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 58 चोरी हुए दोपहिया वाहन बरामद

अमृतसर पुलिस को चोरी हुए दोपहिया वाहनों की बरामदगी में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों से चोरी हुए कुल 58 टू-व्हीलर बरामद किए गए हैं, जिनमें 49 मोटरसाइकिल और 9 एक्टिवा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता अमृतसर पुलिस द्वारा चलाई गई विशेष मुहिम और लगातार निगरानी का परिणाम है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री के निर्देश पर संगठित अपराध और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी की घटनाएं आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करती हैं, इसलिए ऐसे मामलों को पुलिस बेहद गंभीरता से लेती है।

बरामद किए गए वाहनों में से कुछ ए डिवीजन, बी डिवीजन, वल्ला, वेरका, रंजीत एवेन्यू, सदर, सिविल लाइन, मजीठा रोड, कैंटोनमेंट, इस्लामाबाद और सुल्तानविंड थाना क्षेत्रों से मिले हैं। पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ये वाहन अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी वाहनों को उनके असली मालिकों को वापस कर दिया जाएगा।

गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शहर के प्रमुख एस्केप रूटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिल रही है। इसके अलावा पुलिसकर्मी सिविल कपड़ों में फ्लाइंग स्क्वॉड के रूप में भी तैनात किए गए हैं, जिससे स्नैचिंग और अन्य स्ट्रीट क्राइम पर नियंत्रण पाने में सहायता मिल रही है।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि किसी का वाहन चोरी हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर वाहन बरामद किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अमृतसर पुलिस शहर में अपराध पर नियंत्रण और लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.