अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा महिला मोर्चा का विशेष कार्यक्रम, महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण पर चर्चा

मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा मुरादाबाद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बुद्धिविहार स्थित भाजपा कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने महिला अधिकारों, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए तथा समाज में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आकाश कुमार पाल ने की। वहीं कार्यक्रम का आयोजन भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आदेश चौधरी उर्फ विमला जी के नेतृत्व में किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में आगे बढ़कर सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रामपुर से आई मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका शुक्ला ने नारियों को सृजनकर्ता बताते हुए कहा कि प्रत्येक महिला को अपने अंदर की सकारात्मक ऊर्जा का विस्तार करना चाहिए। वहीं मुख्य अतिथि सरिता विश्नोई ने समाज में कार्यरत महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। इस सम्मान के माध्यम से उन महिलाओं के योगदान की सराहना की गई, जो विभिन्न क्षेत्रों में समाज के विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों और जागरूकता अभियानों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं ने एकजुट होकर समाज में महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक लवी सक्सेना, सह-संयोजक पूजा राघव, मंडल अध्यक्ष ममता रुहेला, आंचल चौधरी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.