अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर केआरके मैदान में बालिका फुटबॉल मैच, मुंगेर ने लखीसराय को 3–1 से हराया

लखीसराय(सरफराज आलम) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को के.आर.के. मैदान में जिला प्रशासन एवं फुटबॉल एसोसिएशन, लखीसराय के तत्वावधान में बालिका फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। यह मैच मुंगेर और लखीसराय की बालिका टीमों के बीच खेला गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों की उपस्थिति में किया। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश समाज तक पहुंचाना था।

मैच के दौरान दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और मैदान तालियों की गूंज से गूंजता रहा। पूरे मुकाबले में मुंगेर की टीम ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लखीसराय की टीम को 3–1 से पराजित कर मैच अपने नाम कर लिया।

मैच समाप्ति के बाद जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा दोनों टीमों की खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास के विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है और ऐसे आयोजन आगे भी किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर नोनगढ़ पंचायत की मुखिया जूली देवी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और दर्शक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.