लखनऊ एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, धुएं से भर गया था केबिन
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya के हेलीकॉप्टर की शनिवार को Chaudhary Charan Singh International Airport, Lucknow में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण केबिन चारों तरफ से धुएं से भर गया था। हालांकि पायलट की सूझबूझ से समय रहते हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिया गया और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ के ला मार्ट्स मैदान से हेलीकॉप्टर द्वारा Kaushambi जा रहे थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में धुआं भरने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया और हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।
हेलीकॉप्टर में उस समय पायलट के अलावा एक सहयोगी और एक पीएसओ भी मौजूद थे। अचानक धुआं भरने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के बाद डिप्टी सीएम कुछ समय तक एयरपोर्ट पर ही रुके रहे।
इस घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम लगाई गई है और पूरे विमान की विस्तृत जांच की जा रही है।
दरअसल, उपमुख्यमंत्री कौशांबी में आयोजित सरस महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वहां उन्हें पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करने के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक और कई परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करना था। फिलहाल घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
