अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विकास भवन में कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर विकास भवन सभागार में महिलाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ स्थित जुपिटर ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सीधे प्रसारण को प्रोजेक्टर के माध्यम से सुनकर की गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष खयाली राम लोधी ने उपस्थित सभी लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और देश व समाज के विकास में बराबरी की भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए बेहद आवश्यक है और सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग की दो मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को कक्षा 10 में उच्च अंक प्राप्त करने पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण शासन की प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान रखता है। उन्होंने बताया कि बाल विकास विभाग के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी सेवायोजन अधिकारी ने विभाग की योजनाओं तथा मुख्यमंत्री द्वारा लॉन्च की गई मोबाइल ऐप के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन महिला कल्याण विभाग की ओर से वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक चांद बी ने किया और विभाग द्वारा महिलाओं व बच्चों के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.