अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर लखीसराय में महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
लखीसराय। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर लखीसराय जिला प्रशासन के तत्वावधान में महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश देना था। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मिथलेश मिश्र ने टॉस उछालकर किया। उन्होंने मैदान में उपस्थित सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व जिला पदाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के नियमों का पालन करने, ईमानदारी और अनुशासन के साथ खेलने तथा निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और आपसी सम्मान बनाए रखने का संकल्प दिलवाया। खिलाड़ियों ने भी पूरे उत्साह के साथ शपथ ली।
महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने भाग लिया, जिनमें प्लस टू हाई स्कूल खुटहा, प्लस टू हाई स्कूल नरोत्तमपुर कजरा, हाई स्कूल महीसोना और न्यू दिल्ली पब्लिक हाई स्कूल सूर्यगढ़ा की टीमें शामिल थीं। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ खेल का प्रदर्शन किया।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला प्लस टू हाई स्कूल नरोत्तमपुर कजरा और हाई स्कूल महीसोना के बीच खेला गया, जिसमें नरोत्तमपुर कजरा की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल मैच न्यू दिल्ली पब्लिक हाई स्कूल सूर्यगढ़ा और प्लस टू उच्च विद्यालय खुटहा के बीच हुआ, जिसमें खुटहा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला प्लस टू उच्च विद्यालय खुटहा और प्लस टू उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में खुटहा की टीम ने 14–4 के अंतर से जीत हासिल कर प्रतियोगिता की विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि नरोत्तमपुर कजरा की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में जिला पदाधिकारी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत बनाते हैं।
इस अवसर पर राज्य महादलित आयोग बिहार के सदस्य अजीत कुमार चौधरी और रामेश्वर रजक, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, नोनगढ़ पंचायत की मुखिया जूली देवी, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
