होली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम: रामपुर एसपी ने महिला आरक्षी प्रशिक्षुओं को किया ब्रीफ

रामपुर। आगामी होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में रामपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना सिविल लाइन में महिला आरक्षी प्रशिक्षुओं को ड्यूटी के संबंध में विशेष ब्रीफिंग दी गई।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने त्योहार के समय शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रशिक्षु अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और अनुशासन के साथ निभाएं। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़-भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थलों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तत्काल नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि होली जैसे त्योहार पर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.