लखीसराय में जाम पर प्रशासन की सख्ती:ठेला, अवैध पार्किंग और नाबालिग चालकों पर कार्रवाई
नाबालिग वाहन चालक पर सख्त कार्रवाई, लगाया गया 25,000 रु का जुर्माना
लखीसराय(सरफराज आलम)शहर में बढ़ती जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। मिथिलेश मिश्र के निर्देश पर डीटीओ मुकुल मणि पंकज, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन, एमवीआई प्रतीक एवं पुलिस बल ने विद्यापीठ से बड़ी दुर्गा स्थान तक पैदल मार्च कर हालात का जायजा लिया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को हटाया गया। फल एवं सब्जी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि वे सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान न लगाएं और निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करें, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।
विद्यापीठ के समीप परिवहन विभाग द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के क्रम में एक नाबालिग को दोपहिया वाहन चलाते पकड़ा गया, जिस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 25,000 रुपये का चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर अभिभावकों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई होगी।
डीटीओ मुकुल मणि पंकज ने अभिभावकों से अपील की कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन न चलाने दें। ऐसा करना कानूनन अपराध है, जिसके तहत 25,000 रुपये जुर्माना, तीन साल तक की सजा और वाहन का रजिस्ट्रेशन रद्द किए जाने का प्रावधान है।
गौरतलब है कि सड़क किनारे खड़े वाहन, ठेले और अतिक्रमण के कारण शहर में आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों के पालन और शहर को जाममुक्त बनाने में सहयोग की अपील की है।
