जाम से निजात दिलाने में जुटे नए यातायात थानाध्यक्ष अमित कुमार, टोटो के लिए अलग व्यवस्था से राहगीरों को राहत

लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय के नए यातायात थानाध्यक्ष अमित कुमार ने पदभार संभालते ही शहर को रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। लगातार ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर वे सक्रिय रूप से अभियान चला रहे हैं।

पूर्व में टाउन थानाध्यक्ष और कबैया थानाध्यक्ष के पद पर रह चुके अमित कुमार को शहर के प्रमुख जाम वाले स्थलों की भलीभांति जानकारी है। इसी अनुभव के आधार पर वे समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

शहर के सबसे व्यस्त इलाके, जहां टोटो (ई-रिक्शा) का अनियंत्रित आवागमन जाम की बड़ी वजह बनता था, वहां रेल पुल के नीचे सड़क किनारे बैरिकेडिंग कर अलग लेन की व्यवस्था की गई है। एक ओर से टोटो का नियंत्रित आवागमन सुनिश्चित किया गया है, जबकि दूसरी ओर भी बैरिकेड लगाकर सुव्यवस्थित मार्ग तैयार किया गया है, ताकि अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।

इस पहल का सकारात्मक असर अब दिखने लगा है। टोटो के सुव्यवस्थित संचालन से जहां वाहनों की रफ्तार सामान्य हो रही है, वहीं आम राहगीरों को भी पैदल चलने में पहले की अपेक्षा कम परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर अव्यवस्था कम होने से पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों में सुधार हुआ है।

यातायात थानाध्यक्ष ने कहा है कि शहरवासियों को जाम से राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है और आगे भी चिन्हित स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.