रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: मां-बेटे की जिंदा जलकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

रामपुर। शहर में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। थाना गंज क्षेत्र के चाकू चौराहे के पास स्वार-रामपुर मार्ग पर स्विफ्ट डिजायर कार और अज्ञात डंपर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, 1090 कार्यालय श्रावस्ती में तैनात महिला कांस्टेबल लता (27) अपने परिवार के साथ कार से जा रही थीं। इसी दौरान चाकू चौराहे के पास अज्ञात डंपर से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई, जिससे लता और उनके ढाई वर्षीय पुत्र की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में उनके पति समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना गंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस हृदयविदारक हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने थाना गंज में अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.