संजना भारती ब्यूरो प्रमुख: इंतजार हुसैन; राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुपालन में तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूँ के आदेशानुसार रविवार प्रातः 10:00 बजे से डाइट परिसर, बदायूँ में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विवेक संगल, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूँ एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शालू संगल, श्री बलजोर सिंह, प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय बदायूँ, श्री वीर कनेडी लाल, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण बदायूँ, श्री धर्मेन्द्र कुमार जायसवाल, अध्यक्ष स्थाई लोक अदालत बदायूँ, मेगा शिविर समिति की अध्यक्षा सुश्री रिन्कू जिंदल (प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश), प्रभारी जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शिविर का संचालन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूँ श्रीमती कोमल श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर आम जनमानस को जागरूक करने और विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए कल्याणकारी दिवस के रूप में आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर लाभान्वित करने के लिए बधाई भी दी।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण हेतु स्टॉल लगाए गए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय म्याऊ, बदायूँ की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं ने मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण विषय पर प्रभावी भाषण दिया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी के सहयोग से 5 महिला लाभार्थियों की गोद भराई एवं 2 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। दिव्यांगजन विभाग द्वारा 5 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल तथा 5 को श्रवण यंत्र वितरित किए गए। जिला परियोजना अधिकारी द्वारा 2 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी द्वारा 2 लाभार्थियों को पॉपकॉर्न मशीन वितरित की गई तथा उ.प्र. राज्य आजीविका ग्रामीण मिशन, बदायूँ के माध्यम से 5 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 719 लोगों का पंजीकरण किया गया, जबकि 403 लाभार्थियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जनपद न्यायालय बदायूँ के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला बार एसोसिएशन एवं जिला सिविल बार एसोसिएशन बदायूँ के अध्यक्ष, सचिव व अधिवक्तागण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, एलएडीसी, मध्यस्थ अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
khabre junction
