जिला निरीक्षण समिति ने दत्तक ग्रहण अभिकरण इकाइयों का किया निरीक्षण, बच्चों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर दिए आवश्यक निर्देश
बदायूँ, फरवरी (संजना भारती, ब्यूरो प्रमुख इंतजार हुसैन):जिला निरीक्षण समिति द्वारा महिला कल्याण विभाग से संचालित राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण एवं स्वैच्छिक संगठन दलित ग्रामीण विकास संस्थान बदायूँ द्वारा संचालित विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण इकाई का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार की अध्यक्षता में किया गया।
जिला निरीक्षण समिति ने जनपद बदायूँ शहर के मोहल्ला नेकपुर, गली नंबर 01 स्थित दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण इकाई तथा महिला अस्पताल में संचालित राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण में रह रहे अनाथ बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्वैच्छिक संगठन दलित ग्रामीण विकास संस्थान के सचिव अनूप सक्सेना ने बताया कि वर्तमान में संस्था में 7 बच्चे रह रहे हैं। सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा चुका है और सभी बच्चे स्वस्थ हैं। साथ ही बच्चों से संबंधित कानूनी प्रक्रिया भी प्रचलित है। वहीं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण के प्रबंधक/समन्वयक ने बताया कि संस्था में एक बच्चा रह रहा है, जिसका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा गृह में आने-जाने वाले व्यक्तियों की पूरी जानकारी पंजिका में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और सभी आवश्यक दस्तावेज सुव्यवस्थित रखे जाएं। जिला प्रोबेशन अधिकारी को इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट सर्वेश दास, जिला कार्यक्रम अधिकारी (राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम), किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य प्रमिला गुप्ता, बाल कल्याण समिति की सदस्य सविता मालपाणी, संरक्षण अधिकारी (संस्थागत) प्रीती कौशल, संरक्षण अधिकारी (गैर-संस्थागत) रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
khabre junction
