थाना स्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गला रेतकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हसिया और खून से सनी पैंट बरामद
रामपुर जनपद के थाना स्वार क्षेत्र में गला रेतकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल हसिया और खून से सनी जीन्स पैंट भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 18 फरवरी 2026 को वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना स्वार में मु0अ0सं0-066/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि नसीम उर्फ भूरा पुत्र हनीफ, निवासी ग्राम खौद कलां थाना स्वार, ने वादी के भाई की गला रेतकर हत्या कर दी। विवेचना के दौरान साक्ष्य के आधार पर मुकदमे में धारा 332 बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी स्वार के पर्यवेक्षण में थाना स्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नसीम उर्फ भूरा को मुंशीगंज तिराहे के पास टांडा रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक हसिया और रक्तरंजित जीन्स पैंट बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस गिरफ्तारी में थाना स्वार के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक वीरेश कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा, कांस्टेबल टिंकू चौधरी और कांस्टेबल राजन चौधरी की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।
khabre junction
