दिल्ली विकास प्राधिकरण का बड़ा फैसला: DDA फ्लैट्स सस्ते, पार्किंग चार्ज हटने से कीमत में 5 से 12 लाख तक की कमी
नई दिल्ली: राजधानी में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपनी हाउसिंग स्कीम्स में फ्लैट्स की कीमतों से अलग से वसूले जाने वाले पार्किंग चार्जेस को समाप्त कर दिया है। अब पार्किंग (कवर या अनकवर, कार/स्कूटर गैरेज) की निर्माण लागत को कुल प्रोजेक्ट खर्च में शामिल किया जाएगा, जिससे फ्लैट्स की कुल कीमत में 5 लाख से 12 लाख रुपये तक की कमी आएगी।
यह नया नियम 12 फरवरी 2026 को जारी किए गए DDA के ऑफिस ऑर्डर के तहत लागू कर दिया गया है और इसका सीधा फायदा घर खरीदने वाले लोगों को मिलेगा।
MIG और HIG फ्लैट्स पर सबसे ज्यादा असर
इस फैसले का सबसे अधिक लाभ मिडिल इनकम ग्रुप (MIG) और हाई इनकम ग्रुप (HIG) कैटेगरी के फ्लैट्स पर होगा। उदाहरण के तौर पर, कर्मयोगी आवास योजना में HIG फ्लैट्स की कीमत लगभग 10 लाख रुपये तक कम हो सकती है, जबकि MIG फ्लैट्स की कीमत में 4 से 5 लाख रुपये तक की कमी आएगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, टावरिंग हाइट्स ककरडूमा योजना में पार्किंग स्पेस बड़ा होने के कारण कीमतों में और अधिक कमी संभव है।
इन चार प्रमुख योजनाओं पर तुरंत लागू हुआ फैसला
DDA का यह निर्णय फिलहाल इन चार प्रमुख हाउसिंग स्कीम्स पर लागू कर दिया गया है—
DDA कर्मयोगी आवास योजना 2025 (FCFS)
DDA टावरिंग हाइट्स ककरडूमा हाउसिंग स्कीम 2025 (ई-ऑक्शन)
DDA नागरिक आवास योजना 2026 (FCFS)
DDA टावरिंग हाइट्स ककरडूमा हाउसिंग स्कीम 2026 (FCFS)
साथ ही, भविष्य में लॉन्च होने वाली सभी हाउसिंग योजनाओं पर भी यह नियम लागू रहेगा।
पहले अलग से लिया जाता था पार्किंग चार्ज
पहले पार्किंग की लागत अलग से जोड़ी जाती थी, जिसमें गैरेज निर्माण लागत, पार्किंग खर्च और भूमि लागत शामिल होती थी। अब प्लिंथ एरिया रेट (PAR) कैलकुलेशन में पार्किंग निर्माण खर्च को कुल हाउसिंग प्रोजेक्ट खर्च में शामिल कर दिया गया है, जिससे खरीदारों को कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना पड़ेगा।
पुराने खरीदारों को भी मिलेगा लाभ
DDA ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले से फ्लैट खरीद चुके लोगों को भी इस फैसले का लाभ मिलेगा। उन्हें पार्किंग चार्ज का रिफंड या कीमत में समायोजन (एडजस्टमेंट) दिया जाएगा।
घर खरीददारों के लिए बड़ी राहत
DDA के इस फैसले से दिल्ली में घर खरीदना पहले की तुलना में ज्यादा आसान और किफायती हो जाएगा। पार्किंग चार्ज हटने से फ्लैट्स की कीमत पारदर्शी होगी और मध्यम व उच्च आय वर्ग के लोगों को अपना घर खरीदने में बड़ी राहत मिलेगी। यह निर्णय दिल्ली के रियल एस्टेट सेक्टर के लिए भी एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
khabre junction
