राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में स्वयंसेवकों ने चलाया जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर स्थित राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों के सात दिवसीय वार्षिक शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवकों ने सामाजिक जागरूकता और स्वच्छता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। दिन की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय प्रांगण की साफ-सफाई और पौधारोपण से हुई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इसके बाद स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाएं ग्राम भुर्जी की मड़ैया पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों को नशा मुक्ति और मतदान के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का आह्वान किया।

गोष्ठी में विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

दोपहर में आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. शहजाद (नशा एवं कुष्ठ उन्मूलन) ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और इससे बचाव के लिए जागरूकता जरूरी है।

वन विभाग रामपुर के रेंजर शिव शंकर यादव, वनरक्षक विक्रम सिंह दिवाकर और विजय गिरि तथा जिला प्रभारी एस.एस. गुप्ता ने विद्यार्थियों को जल संसाधन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। डॉ. नासीर ने स्वयंसेवकों को मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया देशभक्ति का संदेश

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने देशभक्ति गीत, ग़ज़ल, शेरो-शायरी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। रानी लक्ष्मीबाई दल की स्वयंसेविकाओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में जोश और उत्साह का माहौल बनाया। डॉ. ईरम नईम ने मंच संचालन करते हुए प्रसिद्ध शायर निदा फाज़ली के शेर भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम अधिकारियों ने स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, योग, शिक्षा और युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर फैजान, नेहा, विनीता, अनस, जैनब, हर्षिता, रिम्मी, सिमरन प्रजापति, श्वेता, अल्बाब, कैफ सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.