रामपुर में महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस अधीक्षक ने किया जीरो पॉइंट व शिव मंदिरों का निरीक्षण
रामपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक, रामपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सिविल लाइन स्थित जीरो पॉइंट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता के साथ कर्तव्य निर्वहन करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा।
इसके उपरांत थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत पंजाब नगर स्थित शिव मंदिर तथा थाना मिलक क्षेत्र के ग्राम रठौड़ा स्थित शिव मंदिर परिसर एवं मेले का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण की तैयारियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बैरिकेडिंग व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
khabre junction
