लखीसराय (सरफराज आलम): फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से बुधवार को लखीसराय जिले के सभी प्रखंडों में आंगनवाड़ी केंद्रों पर सर्वजन दवा सेवन मेगा कैंप का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान का शुभारंभ लखीसराय प्रखंड के मोहसिना गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 164 पर किया गया।
मेगा कैंप का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने किया। इस अवसर पर जीविका समूह की दीदियों एवं उनके परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। डीएम श्री मिश्र ने ग्रामीणों एवं महिलाओं को फाइलेरिया की दवा सेवन के लिए प्रेरित किया और स्वयं भी दवा खाकर जागरूकता का संदेश दिया।
जिले में मेगा कैंप के तहत कुल 1,160 केंद्र बनाए गए हैं, जहां आमजन को फाइलेरिया से बचाव की दवा दी जा रही है। फाइलेरिया उन्मूलन हेतु सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम 10 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक संचालित होगा।
विशेष रूप से जीविका से संबद्ध समूह सदस्यों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस मेगा कैंप का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से जीविका समूह की 89,935 से अधिक महिला सदस्यों एवं उनके परिवार के 2 लाख से अधिक सदस्यों को दवा खिलाई गई।
कार्यक्रम में अनीता कुमारी (जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका), वंदना (डीपीओ, आईसीडीएस), रंजन कुमार (प्रबंधक, स्वास्थ्य एवं पोषण, जीविका), संजय कुमार (क्षेत्रीय समन्वयक, जीविका), संतोष कुमार (सामुदायिक समन्वयक, जीविका) सहित जीविका मित्र एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दवा सेवन कर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर फाइलेरिया की दवा अवश्य लें, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।
khabre junction
