श्याम मंदिर के वार्षिक महोत्सव के तहत नव निर्मित श्याम हवेली का लोकार्पण सम्पन्न

ऐलनाबाद, 10 फरवरी (डॉ. एम.पी. भार्गव)। शहर के वार्ड नंबर 9 में स्थित प्राचीन खाटू श्याम मंदिर के 52वें विशाल वार्षिक महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को नव निर्मित श्याम हवेली (धर्मशाला भवन) का विधिवत लोकार्पण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। यह पूर्णतः वातानुकूलित धर्मशाला शहर की पहली स्टार कैटेगरी धर्मशाला के रूप में विकसित की गई है।

श्याम कला मंडल के अध्यक्ष मांगीलाल गिदड़ा ने बताया कि आमजन के सहयोग से निर्मित इस चार मंजिला भव्य भवन में 32 वातानुकूलित कमरे, एक बड़ा हॉल, एक छोटा हॉल, 4 मिनी रूम तथा 2 ड्राइंग रूम बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भवन में लिफ्ट की भी व्यवस्था की गई है।

भवन निर्माण के उपलक्ष्य में प्रखंड विद्वान ब्राह्मणों द्वारा सवा लाख गायत्री मंत्र जप के पश्चात हवन-यज्ञ कर पूर्णाहुति दी गई। इस अवसर पर मंदिर कमेटी ट्रस्ट के प्रधान रतनलाल गिदड़ा, उप प्रधान पवन कंसारिया एवं अन्य पदाधिकारियों ने धर्मशाला निर्माण में सहयोग करने वाले दानदाताओं को सम्मानित किया।

महोत्सव के तहत सोमवार रात्रि को श्याम हवेली में प्रसिद्ध गायिका तृप्ति लड्ढा द्वारा श्याम बाबा का भावपूर्ण गुणगान किया गया। मंगलवार प्रातः तलवाड़ा रोड से बाबा की पवित्र ध्वजा एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि अर्धरात्रि जागरण में दिल्ली से पधारे ज्ञान पंकज अग्रवाल श्याम बाबा का गुणगान करेंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को मंदिर परिसर में अखंड ज्योति पाठ, गुरुवार को विशाल शोभा यात्रा तथा रात्रि में महंत मोहन दास द्वारा श्याम बाबा का गुणगान किया जाएगा। वहीं शुक्रवार रात्रि को आयोजित विशाल जागरण में साध्वी पूर्णिमा दीदी पूरी रात्रि श्याम बाबा का भजन-कीर्तन करेंगी।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.