ऐलनाबाद, 4 फरवरी (एम. पी. भार्गव)।राजकीय महाविद्यालय मीठी सुरेरा, ऐलनाबाद में प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार की अध्यक्षता एवं प्रो. कुलजीत कौर के संयोजन में आयोजित दो दिवसीय सुर–संवाद समारोह का भव्य समापन हुआ। समारोह का आयोजन “स्वस्थ सभ्याचार – स्वस्थ संस्कार – स्वस्थ विचार – स्वस्थ समाज” विषय पर किया गया।
समारोह के दूसरे दिन की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर श्रीमती निताशा राकेश सिहाग मुख्य अतिथि रहीं, जबकि श्रीमती बलविंद्र कौर, सरपंच ढाणी बच्चन सिंह एवं श्रीमती सुमन सहारण, सरपंच पोहड़का ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के आरंभ में प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने मुख्य अतिथि को पौधा भेंट कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती निताशा राकेश सिहाग ने विकसित भारत और युवा शक्ति विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य देश को उसकी स्वतंत्रता के 100वें वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाना है। इस विज़न में आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, पर्यावरणीय स्थिरता और सुशासन जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे सशक्त पूंजी है, जिसकी सामाजिक और आर्थिक विकास में अहम भूमिका है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और मंच पर बिना झिझक उसे प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर सर्वांगीण विकास पर भी बल दिया और कार्यक्रम की सफलता के लिए संयोजक व उनकी टीम को बधाई दी।
प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मकता का विकास करते हैं।
महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि समारोह के दूसरे दिन ग्रुप डांस, गायन, वाद्य यंत्र वादन, लोक नृत्य एवं भजन गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निर्णायक मंडल की भूमिका प्रो. सुरेश कुमारी, श्रीमती शीतल खांडेकर (हिंदी प्रवक्ता, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऐलनाबाद) एवं श्री रणजीत सिंह (संगीत शिक्षक, मॉडल संस्कृति स्कूल ऐलनाबाद) ने निभाई।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे—
ग्रुप डांस:
प्रथम – अनिता ग्रुप, द्वितीय – जशनप्रीत ग्रुप, तृतीय – इंदु ग्रुप
गायन प्रतियोगिता:
प्रथम – राहुल, द्वितीय – रोशन, तृतीय – मुकेश
भजन/ग़ज़ल:
प्रथम – राहुल, द्वितीय – मुकेश, तृतीय – ममता
लोक नृत्य:
प्रथम – वसुंधरा, द्वितीय – किरण, तृतीय – इंदु
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच संचालन प्रो. कुलजीत कौर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ सदस्यों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
khabre junction
