किसान, महिला और युवाओं तीनों के भविष्य को सुरक्षित करता बजट : गुलाब देवी विकसित भारत के लक्ष्य को आर्थिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाने वाला बजट : गुलाब देवी
केंद्रीय बजट से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार : गुलाब देवी शिक्षा, कृषि और उद्योग के लिए ऐतिहासिक बजट : गुलाब देवी विकसित भारत की ओर बढ़ते भारत की आर्थिक तस्वीर बजट में साफ दिखाई देती है : गुलाब देवी
बदायूँ।भाजपा कार्यालय पर केंद्रीय बजट 2026-27 के संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा एवं जनपद प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने संबोधित किया।
राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी, संतुलित और सुधारोन्मुख बजट है। यह बजट केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ठोस निर्णयों, स्पष्ट कार्ययोजना और जनकल्याण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में देश की उत्पादकता और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने, आम नागरिक को विकास का सहभागी बनाने तथा सबका साथ–सबका विकास के माध्यम से हर वर्ग और हर क्षेत्र तक अवसर पहुँचाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
गुलाब देवी ने बताया कि बजट में राजकोषीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को गति दी गई है। वित्त वर्ष 2026-27 में राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 4.3 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। 12.2 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय से सड़क, रेल, परिवहन, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी ढाँचों का विस्तार होगा, जिससे आर्थिक मजबूती के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
किसान, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। भारत-विस्तार कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंच के माध्यम से किसानों को फसल, मौसम और बाजार से जुड़ी सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे खेती की लागत घटेगी और उत्पादकता बढ़ेगी। फसल विविधीकरण, मत्स्य पालन, ग्रामीण उद्यमिता और कृषि से जुड़े नए अवसर किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगे। किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए सस्ती और सुलभ ऋण सुविधा को और सुदृढ़ किया गया है।
महिला सशक्तिकरण
राज्यमंत्री ने कहा कि बजट में महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की धुरी के रूप में देखा गया है। स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता से जोड़ने, प्रत्येक जनपद में बालिका छात्रावास की व्यवस्था तथा शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े प्रावधान महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएंगे।
युवा, शिक्षा और कौशल विकास
उन्होंने बताया कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए देशभर में 15 हजार विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में एनीमेशन, गेमिंग और वीएफएक्स जैसी आधुनिक तकनीक आधारित प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी, जिससे युवा भविष्य की तकनीकी नौकरियों के लिए तैयार होंगे और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
उद्योग, एमएसएमई और रोजगार
गुलाब देवी ने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के लिए 10,000 करोड़ रुपये का एमएसएमई विकास कोष बनाया गया है। इससे कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, हथकरघा, चमड़ा और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। साथ ही 200 पुराने औद्योगिक क्लस्टरों के आधुनिकीकरण से परंपरागत उद्योगों को नई तकनीक और वैश्विक बाजारों से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार
उन्होंने बताया कि कैंसर और गंभीर बीमारियों में उपयोग होने वाली 36 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट से आम जनता के इलाज का खर्च कम होगा। धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10,000 टूर गाइडों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उत्तर प्रदेश के लिए लाभकारी बजट
राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, रेलवे आधुनिकीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और फ्रेट कॉरिडोर से प्रदेश को लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। गंगा नदी पर राष्ट्रीय जलमार्ग के अंतर्गत वाराणसी में इनलैंड वॉटरवे शिप रिपेयर इकोसिस्टम की स्थापना से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष शारदेन्दु पाठक, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत और अनुभव उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
khabre junction
