लखीसराय जिले में पुलिसिंग को और धारदार बनाने तथा थानों की जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से एसपी अवधेश दीक्षित लगातार जिले के विभिन्न थानों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को वे बड़हिया थाना पहुंचे और थाने का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों, लंबित कांडों की स्थिति एवं पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। एसपी ने मामलों के त्वरित निष्पादन तथा विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर में जनता दरबार का भी आयोजन किया गया, जहां स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी गईं। पुलिसिंग से संबंधित शिकायतों और सुझावों पर एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि आम जनता की शिकायतों का पारदर्शी और शीघ्र निपटारा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनसंपर्क मजबूत करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी ने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी थाना अध्यक्षों और पुलिस कर्मियों पर भी जिम्मेवारी तय की जा रही है।वहीं उन्होंने कहा कि बड़हिया बाजार को यातायात नियमों के तहत अभिलंब जाम से मुक्ति दिलाया जाएगा।
khabre junction
