लखीसराय(सरफराज आलम)पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से लखीसराय के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने मंगलवार को सूर्यगढ़ा थाना का विधिवत निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसंवाद कार्यक्रम में 28 महिला एवं पुरुष फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं। एसपी अवधेश दीक्षित ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने लंबित मामलों को लेकर अनुसंधानकर्ताओं (आईओ) को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जांच कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन के आदेश दिए गए।
थाना के विभिन्न कक्षों का किया निरीक्षण
जनसंवाद के उपरांत एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मालखाना, बंदी गृह, अभिलेख कक्ष एवं सीसीटीएनएस (डिजिटल रिकॉर्ड सिस्टम) की गहन जांच की तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि पुलिस की छवि एक सहयोगी और मददगार संस्था की होनी चाहिए, ताकि आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
