“लखीसराय में 77वां गणतंत्र दिवस 2026 भव्यता व गरिमा के साथ संपन्न, आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने किया झंडोत्तोलन”
लखीसराय।77वें गणतंत्र दिवस 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। मुख्य समारोह का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में किया गया, जहां मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत झंडोत्तोलन किया गया। झंडोत्तोलन के पश्चात राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरे वातावरण में देशभक्ति का भाव व्याप्त हो गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री मीणा ने भारत के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से चर्चा करते हुए लखीसराय जिले में इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से प्राप्त उपलब्धियों का उल्लेख किया।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में जिले द्वारा किए गए सतत विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि प्रशासन एवं आम जनता के सहयोग से जिला निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं संदेशपरक झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया, वहीं कृषि विभाग की झांकी में आधुनिक कृषि तकनीकों एवं किसानों के हित में संचालित योजनाओं को दर्शाया गया। परिवहन विभाग, जीविका, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सहकारिता विभाग, जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र, अग्निशमन विभाग सहित अन्य विभागों की झांकियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों और जनसेवाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
गणतंत्र दिवस समारोह के उपरांत अपराह्न में प्रशासन एवं मीडिया के बीच एक फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसने आयोजन में उत्साह और सौहार्द का नया रंग भर दिया। इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में जिला प्रशासन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की। उत्कृष्ट खेल कौशल के लिए अंचल अधिकारी, लखीसराय को “मैन ऑफ द मैच” के खिताब से सम्मानित किया गया।
समग्र रूप से गणतंत्र दिवस 2026 का यह आयोजन देशभक्ति, प्रशासनिक उपलब्धियों एवं सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक रहा।संपूर्ण समारोह देशभक्ति, उत्साह एवं अनुशासन के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार,अपर समाहर्ता नीरज कुमार, वरीय उप समाहर्ता प्राची कुमारी सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
khabre junction
