- रिपोर्ट: कपिल सिंह
बाराबंकी। कोतवाली नगर क्षेत्र के आज़ाद नगर मोहल्ले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक टेंट व किराना व्यवसायी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान आज़ाद नगर निवासी राजेंद्र जायसवाल के पुत्र नवीन उर्फ संजय जायसवाल (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह घर के सभी सदस्य अपनी-अपनी दिनचर्या में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक नवीन के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिजन कमरे की ओर दौड़े, जहां नवीन सिर में गोली लगने से लहूलुहान हालत में पड़े मिले।
परिजन तत्काल उन्हें लखनऊ रोड स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। सिटी चौकी प्रभारी संजीव सिंह पुलिस बल के साथ मृतक के आवास पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद आज़ाद नगर मोहल्ले में शोक का माहौल है और लोग स्तब्ध नजर आ रहे हैं।
khabre junction
