मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता अक्षय कुमार के सिक्योरिटी काफिले की कार से जुड़ा सड़क हादसा इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। यह घटना एक बार फिर इस सच्चाई की याद दिलाती है कि सड़क हादसे किसी के साथ भी हो सकते हैं, चाहे वह आम नागरिक हो या बड़ा सेलिब्रिटी। सोमवार रात करीब 8:30 बजे हुए इस हादसे में अक्षय कुमार की सुरक्षा में शामिल इनोवा कार को पीछे से एक मर्सिडीज कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा आगे चल रहे एक ऑटो-रिक्शा से जा भिड़ी, जिससे ऑटो पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो चालक और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना पूरी तरह सुरक्षित रहे, क्योंकि वे काफिले की दूसरी गाड़ी में सवार थे। पुलिस ने मर्सिडीज चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन सेलेब्स के सड़क हादसे भी रहे चर्चा में
नोरा फतेही
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही भी एक सड़क हादसे में घायल हो चुकी हैं। यह दुर्घटना मुंबई के अंबोली इलाके में लिंक रोड के पास हुई थी, जब वे अपनी कार से सनबर्न म्यूजिक फेस्टिवल में परफॉर्म करने जा रही थीं। हादसे में उन्हें मामूली चोटें आईं और फर्स्ट एड के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में पुलिस ने शराब के नशे में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया था। खास बात यह रही कि चोट लगने के बावजूद नोरा ने उसी शाम मंच पर परफॉर्म कर सभी का दिल जीत लिया।
जीशान खान
टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता और ‘बिग बॉस ओटीटी’, ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘नागिन’ जैसे शोज से मशहूर जीशान खान भी सड़क हादसे का शिकार हो चुके हैं। वर्सोवा इलाके में उनकी ब्लैक कार की सामने से आ रही एक ग्रे कार से जोरदार टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग खुल गए, हालांकि सौभाग्य से जीशान को कोई गंभीर चोट नहीं आई। उन्होंने खुद नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई थी।
अभिनेत्री रंभा
विदेशों में रहने वाले सेलेब्रिटी भी सड़क हादसों से सुरक्षित नहीं हैं। मशहूर अभिनेत्री रंभा, जिनका असली नाम विजयलक्ष्मी है, कनाडा में एक गंभीर कार दुर्घटना में बाल-बाल बची थीं। हादसे के समय कार में उनके बच्चे और नैनी भी मौजूद थे। सभी सुरक्षित रहे, लेकिन एहतियात के तौर पर उनकी छोटी बेटी साशा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रंभा ने सोशल मीडिया पर हादसे की तस्वीरें साझा कर फैन्स से दुआ करने की अपील की थी।
अजित कुमार
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और मशहूर रेसर अजित कुमार भी एक्सीडेंट के चलते सुर्खियों में रह चुके हैं। पुर्तगाल में एक मोटरस्पोर्ट इवेंट के प्रैक्टिस सेशन के दौरान उनकी रेसिंग कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। अजित कुमार ने बाद में स्पष्ट किया कि हादसा मामूली था और किसी को नुकसान नहीं हुआ। इससे पहले दुबई में 24एच दुबई 2025 रेस की प्रैक्टिस के दौरान भी उनकी पोर्श कार बैरियर से टकरा गई थी।
इन घटनाओं से साफ है कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन हर किसी के लिए जरूरी है। सतर्कता और जिम्मेदारी ही ऐसे हादसों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
khabre junction
