बदायूं।ब्राह्मण धर्मशाला, जोगीपुरा स्थित भगवान परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में ब्राह्मण महासभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी प्रखर जी महाराज ने ऐतिहासिक संबोधन करते हुए ब्राह्मण समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।
सभा को संबोधित करते हुए स्वामी प्रखर जी महाराज ने बताया कि गायत्री शक्तिपीठ पुष्कर महातीर्थ, राजस्थान में 8 मार्च से 19 अप्रैल के मध्य 200 कुंडीय शत गायत्री पुरुष्चरण महायज्ञ का आयोजन सुनिश्चित हुआ है। यह महायज्ञ केवल ब्राह्मण बंधुओं के सहयोग से संपन्न होगा, जिसमें देशभर से लगभग एक करोड़ ब्राह्मण बंधु आहुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ब्राह्मण समाज की एकता और शक्ति का प्रतीक बनेगा।
स्वामी पूर्णानंद गिरी जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण एकता की अत्यंत आवश्यकता है। हम सभी को एकजुट होकर समाज और सनातन परंपरा को मजबूत करना होगा।
ब्राह्मण महासभा के संयोजक एवं अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा भाजपा नेता पं. अमन मयंक शर्मा ने सरकार से भगवान परशुराम जन्मोत्सव के दिन सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा—
“ब्राह्मण नाहं कामये राज्यं, न स्वर्गं, न च पुनर्भवम्।
कामये दुःखतप्तानां, प्राणिनाम् आर्तिनाशनम्।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्राह्मण का कर्तव्य सत्ता या स्वार्थ नहीं, बल्कि समाज को दिशा देना, सत्य बोलना, अन्याय का प्रतिकार करना और लोककल्याण के लिए निर्भीक होकर खड़ा होना है—यही ब्राह्मणत्व और सनातन परंपरा का मूल संदेश है।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल पाठक ने कहा कि सनातन परंपरा में ब्राह्मण को समाज का मार्गदर्शक, विचारक और संतुलनकर्ता माना गया है। जहां ब्राह्मण एकत्र होता है, वहां ज्ञान, विवेक और चिंतन का मंथन होता है, जो हिंदू अस्मिता को सशक्त बनाता है। ब्राह्मण का धर्म समाज को जोड़ना है, विभाजन करना नहीं।
अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री गौरव पाठक एवं दीपक पाठक ने कहा कि ब्राह्मण समाज के किसी भी सदस्य को यदि कोई समस्या होती है, तो महासभा हमेशा उसके साथ खड़ी रहेगी।
सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि जनपद बदायूं में लगभग दो लाख ब्राह्मण बंधुओं को आपस में जोड़ने के लिए 1000 सदस्यों वाले 20 ब्राह्मण ग्रुप बनाए जाएंगे। किसी भी ब्राह्मण को समस्या होने पर उसके समाधान के लिए सभी ब्राह्मण बंधु एकत्र होकर सहयोग करेंगे।
इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव की शोभायात्रा बदायूं, उझानी, बिसौली, उसावा के साथ-साथ अब बिल्सी, दातागंज और सहसवान विधानसभा क्षेत्रों में भी निकाली जाएगी। प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक स्तर, नगरपालिका एवं नगर पंचायत में भगवान परशुराम शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा जन्मोत्सव कार्यक्रम प्रत्येक जिला पंचायत और ग्राम पंचायत क्षेत्र में मनाया जाएगा।
कार्यक्रम में कौशलानंद पाण्डेय, विपिन शर्मा, डॉ. हरिओम शर्मा, राजीव कुमार शर्मा, तरुण शर्मा, आलोक उपाध्याय, गिरीश शर्मा, गौतम शर्मा, नितिन तिवारी, शिवकांत शर्मा, अजय शर्मा, आशुतोष शर्मा, मुनेन्द्र शर्मा, गौतम मिश्रा, सुरेश शर्मा, सुरेंद्र उपाध्याय, मोहन शर्मा, दीपक पाठक, गोविंद शर्मा, रचना शंखधार, रजनी मिश्रा, संजीव तिवारी, लक्ष्मी नारायण उपाध्याय, अमन पाठक, सूरज पंडित, हर्ष सारस्वत, प्रियांशु शर्मा, रामोतार मिश्रा, अतुल शर्मा, मनु शर्मा सहित हजारों की संख्या में ब्राह्मण बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अमन मयंक शर्मा एवं सुनील शर्मा समर्थ ने संयुक्त रूप से किया।
khabre junction
